केशव प्रसाद मौर्य का कांग्रेस पर करारा प्रहार: ओबीसी समाज को दशकों तक वोटबैंक समझा, कभी हक नहीं दिया

केशव प्रसाद मौर्य का कांग्रेस पर करारा प्रहार: ओबीसी समाज को दशकों तक वोटबैंक समझा, कभी हक नहीं दिया

केशव प्रसाद मौर्य का कांग्रेस पर करारा प्रहार: ओबीसी समाज को दशकों तक वोटबैंक समझा, कभी हक नहीं दिया

लखनऊ, 18 जून ( उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए उसे पिछड़ों की विरोधी करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय को दशकों तक केवल एक वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और कहा कि उसने कभी भी उन्हें उनका उचित हक नहीं दिया।

केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "कांग्रेस ने दशकों तक ओबीसी समाज को सिर्फ वोटबैंक समझा, कभी हक नहीं दिया। मोदी सरकार ने वो सब किया जिसका इंतजार आजादी के बाद से था—जातिगत जनगणना, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा, नीट सहित सभी क्षेत्रों में ओबीसी आरक्षण ठोस लाभ।"

उप मुख्यमंत्री मौर्य ने आगे कहा कि आज "मोदी फोबिया" से ग्रसित ढोंगियों की असलियत उजागर हो गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पिछड़े वर्ग के लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि कांग्रेस, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एंड कंपनी जैसे दल केवल धोखा हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर अटूट भरोसा है। उन्होंने 'विकसित भारत', 'शिक्षित भारत' और 'गरीब होंगे अमीर' के नारे के साथ देश में हो रहे बदलावों और विकास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश की तस्वीर बदल रही है।

केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर भी हमला बोला और कहा कि "गुंडाराज, परिवारवाद और भ्रष्टाचार" की विरासत अब खत्म होने वाली है। उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता के आशीर्वाद से 2014 में 73 सांसद और 2017 में 325 विधायक जिताकर इतिहास रचा था। उन्होंने कहा कि जब सपा के हाथ में सत्ता थी, तब भी जनता ने भाजपा को सिर माथे पर बिठाया। उन्होंने भविष्यवाणी की कि अब जब पूरा सच सामने है, तो 2027 में जनता के आशीर्वाद से भाजपा कार्यकर्ता 'सपा' को 'समाप्त वादी पार्टी' बना देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता सपा को पूरी तरह से नकार देगी।