केडीए ने 15 एकड़ में अवैध प्लाटिंग पर किया ध्वस्तीकरण, 10 हजार वर्ग मीटर पर नोटिस

केडीए ने 15 एकड़ में अवैध प्लाटिंग पर किया ध्वस्तीकरण, 10 हजार वर्ग मीटर पर नोटिस

केडीए ने 15 एकड़ में अवैध प्लाटिंग पर किया ध्वस्तीकरण, 10 हजार वर्ग मीटर पर नोटिस

कानपुर, 28 अप्रैल। प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के की जा रही प्लाटिंग और निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिक भूमि खरीदने से पहले ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आर्थिक या मानसिक क्षति से बचा जा सके। यह बातें मंगलवार को विशेष कार्याधिकारी/उपजिलाधिकारी डा. रवि प्रताप सिंह ने कही।

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा अवैध/अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत प्रवर्तन (जोन-1बी) क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की गई। उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में डा. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में ग्राम गाजीपुर गिन्नी विहार, बिठूर क्षेत्र में लगभग 15 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कालोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। यह प्लाटिंग प्रपुंज अग्रवाल (प्रोमोटर/प्रवर्तक) व अन्य द्वारा बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृति कराए की जा रही थी, जिसके विरुद्ध सख्त कदम उठाया गया।

इसके अतिरिक्त प्राधिकरण टीम ने आराजी संख्या 696/2, 698/2 बगदौंधी बांगर कानपुर नगर में नीलम अग्रवाल पत्नी बृज किशोर अग्रवाल व अन्य द्वारा लगभग 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग को चिन्हित करते हुए नोटिस जारी किया है। संबंधित पक्ष को निर्धारित समय-सीमा में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा नियमानुसार सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह सहित अन्य कर्मचारी तथा संबंधित थाने का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लाटिंग में भूमि क्रय करने से पहले प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुसार ही निर्माण कराएं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।