सशक्त और समरस समाज बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाता है होली का पर्व : गजेंद्र
सशक्त और समरस समाज बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाता है होली का पर्व : गजेंद्र
प्रयागराज, 09 मार्च । विश्व हिंदू परिषद के प्रांत कार्यालय केसर भवन, पन्नालाल मार्ग में सोमवार को रंगों के पर्व होली के अवसर पर “रंगोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना को समाप्त कर प्रेम व सौहार्द का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहा कि होली का पर्व समाज में संकीर्ण भेदभाव की सीमाओं को समाप्त कर एक सशक्त और समरस समाज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रणेश देशपांडे व उनके साथियों ने रंगारंग गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। वहीं दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति की बहनों ने “बेटी बचाओ” तथा बेटियों को लव जिहाद से बचाने से जुड़े संदेश वाले पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक किया और समाज को धर्म व संस्कृति के प्रति सचेत रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष कविंद्र प्रताप सिंह, प्रांत संगठन मंत्री नितिन, प्रांत मंत्री डॉ. राज नारायण सिंह, पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, फलाहारी आश्रम के महंत रामरतन दास महाराज, डॉ. चंद्रदेव मिश्र, महानगर उत्तर अध्यक्ष अजय गुप्ता, महानगर दक्षिण अध्यक्ष संजय गुप्ता, कमला मिश्रा, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौड़, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडे, किन्नर अखाड़ा से कौशल्या नंद गिरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक सुनील, प्रांत कोषाध्यक्ष रविंद्र मोहन गोयल तथा भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक समरसता व भाईचारे का संदेश दिया।