बिजली के स्मार्ट मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग, 40 घंटे बाद बुझी
बिजली के स्मार्ट मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग, 40 घंटे बाद बुझी
नोएडा, 13 मार्च । थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर-4 में स्थित बिजली के स्मार्ट मीटर बनाने वाली चार मंजिला फैक्ट्री में गुरुवार सुबह लगी आग को 150 दमकलकर्मियों ने करीब 40 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार रात को बुझाया। इसके लिए 37 फायर टेंडर की मदद से 20 लाख लीटर से अधिक पानी का इस्तेमाल किया गया। इस आगजनी की वजह से घायल कर्मचारियों की हालत में सुधार हो रहा है, जबकि एक कर्मचारी लापता है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने शुक्रवार काे बताया कि कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड फैक्टरी में बिजली के स्मार्ट मीटर बनते हैं। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे फैक्टरी के बेसमेंट में रखे विद्युत मीटर, प्लास्टिक तार और गत्तों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चार मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि सूचना पर दमकलकर्मी फायर टेंडर के साथ पहुंच गए। फैक्ट्री में मौजूद 300 से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। फैक्ट्री में हुई अफरातफरी और ऊंचाई से कूदने के चलते घायल हुए 37 कर्मचारियों को जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है, जबकि शेष को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
आग बुझाने के लिए जनपद गौतम बुद्ध नगर के अलावा गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर और अलीगढ़ से फायर टेंडर मंगवाए गए। दमकलकर्मियों ने बिल्डिंग के चार मंजिलों पर गुरुवार दोपहर में ही काबू पा लिया था, लेकिन फैक्ट्री के दो बेसमेंट में आग बुझाने में दिक्कत आ रही थी। गुरुवार शाम जेसीबी से बेसमेंट को तोड़ा गया। दमकलकर्मियों ने सुरक्षा उपकरणों के साथ अंदर घुसने का प्रयास भी किया, लेकिन मीटर में लगी बैटरी में रुक-रुककर ब्लास्ट होने से बार-बार आग भड़क रही थी। 150 फायर फाइटर ने कुल 37 गाड़ियों की मदद से लगातार कार्य करते हुए शुक्रवार रात करीब नौ बजे कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, हरौला निवासी सरवन ने बताया कि उनका बेटा उपेंद्र फैक्ट्री के स्टोर में काम करता है। वह बुधवार रात ड्यूटी करने गया था। इसके बाद से घर नहीं लौटा।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे का कहना है कि फैक्ट्री में लगी आग पर शुक्रवार देर रात तक काबू पा लिया गया है। एहतियात के तौर पर फायर टेंडर और दमकलकर्मी तैनात हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री का मालिक विदेश में है। फैक्ट्री के संचालक से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।