मोनालिसा प्रकरण से फिल्म निर्माता सनोज की मुश्किलें बढ़ीं, बोले- जिंदगी का सबसे बुरा दिन

मोनालिसा प्रकरण से टूटे फिल्म निर्माता, लव जिहाद और साजिश के आरोप

मोनालिसा प्रकरण से फिल्म निर्माता सनोज की मुश्किलें बढ़ीं, बोले- जिंदगी का सबसे बुरा दिन

लखनऊ, 13 मार्च । प्रयागराज के महाकुम्भ के दौरान वायरल होकर चर्चा में आई युवती मोनालिसा की कथित शादी की खबरों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया के फेसबुक मंच पर भावुक बयान जारी करते हुए पूरे घटनाक्रम को एक सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रकरण का उद्देश्य उनकी फिल्म को रोकना, उन्हें बदनाम करना और महाकुंभ से जुड़ी छवि को प्रभावित करना हो सकता है।

फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने कहा कि मोनालिसा की शादी की खबरें वायरल होने के बाद से उन्हें लगातार फोन कॉल, संदेश और सवालों का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया, परिचितों और समर्थकों के अलावा कई लोग उनसे पूरे मामले की सच्चाई जानना चाह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बीच उन्हें धमकियां भी मिल रही हैं और कुछ लोग उन्हें अपनी आवाज बंद रखने की चेतावनी दे रहे हैं।

मिश्रा के अनुसार उन्होंने मोनालिसा को उसकी सादगी से प्रभावित होकर उसे फिल्मों में अवसर देने का फैसला किया था। उन्होंने उसे अभिनेत्री बनाने के लिए प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की और फिल्म निर्माण के लिए भारी आर्थिक जोखिम उठाया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को पूरा करने के लिए उन्हें बाजार से कर्ज और ब्याज पर धन भी लेना पड़ा। फिल्म निर्माता ने आरोप लगाया कि उनकी इस पहल को रोकने के लिए कई लोगों ने प्रयास किए। उनके मुताबिक पहले उन्हें झूठे आरोपों में जेल भेजा गया और इस दौरान उनके कई निवेशक तथा सहयोगी भी प्रोजेक्ट से पीछे हट गए। मिश्रा का कहना है कि जेल में रहते हुए भी उन्होंने फिल्म की कहानी लिखी और प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की कोशिश जारी रखी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा को पढ़ाने के लिए नियुक्त एक शिक्षक बाद में उसका मैनेजर बन गया और धीरे-धीरे उसने युवती को उनसे दूर कर दिया। उसी व्यक्ति ने मोनालिसा और उसके समुदाय को यह समझाया कि यदि उनसे पूछा जाए कि उसे आगे बढ़ाने में किसका योगदान है तो उनका नाम न लिया जाए। अपने बयान में मिश्रा ने यह भी कहा कि मोनालिसा की पारिवारिक परिस्थितियां जटिल रही हैं। युवती की मां अलग रहती है और इस कारण वह कई बार भावनात्मक रूप से परेशान रहती थी। मिश्रा का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में मोनालिसा को प्रभावित किया गया और उसे ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी फिल्म का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है।

मिश्रा ने आरोप लगाया कि मोनालिसा के केरल जाने की सूचना उन्हें उसके पिता जैसिंग के माध्यम से मिली थी। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने परिवार को वहां जाने से मना किया था, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। बाद में उन्हें बताया गया कि परिवार पुलिस स्टेशन के बाहर खड़ा है और युवती को किसी अन्य रास्ते से ले जाया गया। फिल्म निर्माता ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उनकी फिल्म पर भी संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए भारी कर्ज लिया है और अब नकारात्मक माहौल बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य एक गरीब पृष्ठभूमि की लड़की को अवसर देकर यह दिखाना था कि साधारण परिवार से आने वाले लोग भी बड़े सपने देख सकते हैं।

मिश्रा ने अपने बयान में यह भी कहा कि इस घटना के बाद वह व्यक्तिगत रूप से बेहद आहत हैं और उन्हें अपने निर्णय पर भी पुनर्विचार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी साधारण पृष्ठभूमि के व्यक्ति को आगे बढ़ाने का फैसला करना उनके लिए कठिन हो सकता है।

हालांकि इस पूरे मामले में मोनालिसा या उसके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर यह प्रकरण तेजी से चर्चा में है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।