अनुशासन, परिश्रम व सकारात्मक सोच से ही जीवन सफल: प्रो. धीरज चौधरी
सात दिवसीय विशेष शिविर
प्रयागराज, 13 मार्च । ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई संख्या 046 एवं 049 के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन शुक्रवार का शुभारम्भ विकास विद्यालय, सलोरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत “उठे समाज के लिए उठे” तथा देशभक्ति गीत “हम होंगे कामयाब” के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता मध्यकालीन और इतिहास विभाग ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर धीरज चौधरी ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए स्वास्थ्य एवं फिटनेस के महत्व पर युवाओं को नियमित व्यायाम करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने जीवन को सही दिशा में जीने का तरीका बताते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है। उन्होंने कहा पैसे से स्वास्थ्य को खरीदा नहीं जा सकता है। धन से कोई धनवान नहीं होता है, असली धन सम्पदा हमारा शरीर और स्वास्थ्य है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच से अपने हेल्थ और फिटनेस के लिए जरूर समय निकालना चाहिए। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है।
व्याख्यान के दूसरे सत्र में स्वयंसेवकों ने हेल्थ और फिटनेस से संबंधित प्रश्न किये। डॉ. आलोक मिश्र ने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी एवं परीक्षा में प्रश्नों का सही जवाब कैसे लिखे, उत्तर लिखने की सही विधि स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित प्रस्तुति तथा विषय की समझ के साथ उत्तर देने के महत्व के बार में बताया।
दोनों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. रेफाक अहमद एवं डॉ. आलोक मिश्र के निर्देशन में कार्यक्रम का संचालन किया गया। इसी क्रम में यूनिट 046 के लीडर प्रथम कुमार यादव तथा यूनिट 049 के लीडर अंकित पटेल ने सभी स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और सभी को अनुशासन एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत विद्यालय के प्रांगण एवं बगीचे की साफ-सफाई की गई। इस अभियान में सभी स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।