पचास हजार का इनामी गाे तस्कर गुजरात से गिरफ्तार
पचास हजार का इनामी गाे तस्कर गुजरात से गिरफ्तार
प्रयागराज, 12 मार्च । उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स की प्रयागराज फील्ड इकाई ने 50 हजार रुपये के इनामी गाे तस्कर को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपित को गुजरात के अहमदाबाद जिले के जीआईडीसी बंटवा थाना क्षेत्र से दबोचा गया।
पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने गुरुवार काे बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान अफसर अहमद सिद्दीकी पुत्र हसीन अहमद निवासी रूपनारायणपुर सैलानी गांव, थाना कोखराज, जनपद कौशाम्बी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ चंदौली जिले के सैयदराजा थाना में 10 अक्टूबर 2023 को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
उन्होंने बताया कि आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था और गुजरात के अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था। सटीक सूचना मिलने पर एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक जय प्रकाश राय के निर्देशन में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह गौ तस्करी गैंग से जुड़कर काम करता था। उसने बताया कि प्रतापगढ़ के काछा बाजार समबेरगंज निवासी अनुभव तिवारी उर्फ राहुल पुत्र रमाकांत गुजरात में रहकर एक ट्रक किराये पर चलवाता था। उसी ट्रक में गोवंश को लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। इसी दौरान चंदौली में ट्रक पकड़ा गया था, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।