कोचिंग अग्निकांड : लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह ने घटनास्थल का लिया जायजा, ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों से भी मिले
कोचिंग अग्निकांड : लखनऊ पहुंचे राजनाथ सिंह ने घटनास्थल का लिया जायजा, ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों से भी मिले
लखनऊ, 22 जून । लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार रात्रि को लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अमौसी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद रक्षा मंत्री सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। रक्षा मंत्री ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और पूछताछ की। इसके बाद वह किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने ट्रामा सेंटर में भर्ती घायलों व उनके परिजनों से मिले और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
राजनाथ सिंह ने चिकित्सकों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनके उपचार में किसी प्रकार की कोई कमी न रहने पाए। राजनाथ सिंह ने कहा कि कोचिंग सेंटर में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएँ सभी शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। राजनाथ सिंह के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व मंत्री डॉ महेंद्र सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की जांच करने, सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। शर्मा ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के पुरनिया, सेक्टर-डी स्थित कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक, हृदयविदारक और पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। इस त्रासदी ने अनेक परिवारों से उनके अपने छीन लिए हैं, जिसकी क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती।
चौधरी ने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता और पूरा संगठन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जो इस असहनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना करता हूं। इस कठिन समय में हम सभी की संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं।