भाजपा कार्यकर्ता निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक : धर्मपाल सिंह
भाजपा कार्यकर्ता निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक : धर्मपाल सिंह
बरेली, 30 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को आंवला में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ आगामी अभियानों की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी इसलिए बनी है क्योंकि इसके कार्यकर्ता निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक हैं।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर सक्रियता से ही संभव है। जब बूथ सशक्त होगा, तभी पार्टी और भी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं — प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन और हर घर नल योजना की जानकारी हर घर तक पहुंचाएं, ताकि समाज का हर वर्ग लाभान्वित हो सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का प्रहरी है। समाज के सभी वर्गों युवा, किसान, महिला, व्यापारी, पिछड़ा और अनुसूचित वर्ग से संवाद और समन्वय पार्टी की प्राथमिकता है। बैठक में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक उपस्थित रहे।