बकरीद पर कुर्बानी के वक्त सूर्या की हत्या का आरोपित असद एनकाउंटर में ढेर, कांस्टेबल जख्मी

बकरीद पर कुर्बानी के वक्त सूर्या की हत्या का आरोपित असद एनकाउंटर में ढेर, कांस्टेबल जख्मी

बकरीद पर कुर्बानी के वक्त सूर्या की हत्या का आरोपित असद एनकाउंटर में ढेर, कांस्टेबल जख्मी

गाजियाबाद, 31 मई । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में खोड़ा कॉलोनी इलाके में बकरीद के दिन 11वीं क्लास के छात्र सूर्या चौहान की धारदार हथियार से हमला कर हुई हत्या के मामले मे फरार मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने आज सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया। गाजियाबाद पुलिस द्वारा असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस एनकाउंटर में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि 28 मई को असद और और उसके साथियों ने सूर्या चौहान (17 वर्ष) की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिवार द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने खोड़ा थाने में हत्या सहित संबंधित धाराओं में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में शनिवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आज सुबह को पुलिस टीम को सूचना मिली कि असद खोड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में अपने कुछ दोस्तों से मिलने जा रहा है और उनसे कुछ पैसे लेकर भागने की योजना बना रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस जगह-जगह बैरियर लगाकर पूरे इलाके में सघन तलाश शुरू कर दी। इसी बीच असद और उसका एक दोस्त बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इसमें एक गोली असद को लग गई। असद को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

डीसीपी ने बताया कि इस गोलीबारी के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हो गया और उसे भी अस्पताल ले जाया गया है। असद की बाइक बरामद कर ली गई है और जिस पिस्तौल से उसने गोली चलाई थी, वह भी बरामद कर ली गई है। पुलिस पूरी घटना की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

सूर्या की मां सरोज ने कहा कि मैं असद की फोटो देखना चाहती हूं। फोटो देखने के बाद ही मुझे तसल्ली मिलेगी। बाकियों का एनकाउंटर भी इसी तरह होना चाहिए। सात लोगों ने मेरे बेटे के साथ ऐसा किया, सभी के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।सूर्या चौहान के पड़ोसी अंकित ने कहा कि यह अच्छी बात है कि एनकाउंटर हो गया है, लेकिन अब आगे की मांगें भी पूरी होनी चाहिए और उन छह लोगों का भी एनकाउंटर होना चाहिए। हमारी मांग है कि सभी छह लोगों के घरों पर बुलडोज़र चलाया जाए, उनके घरों को ढहा दिया जाए और उनकी सारी संपत्ति जब्त कर ली जाए।

गौरतलब है कि 28 मई को खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार कॉलोनी में रहने वाले सूर्य चौहान (17) को गम्भीर हालत में एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन नाजुक हालत के कारण उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सूर्य चौहान के परिवार ने आरोप लगाया कि 28 मई की दोपहर उसे किसी ने फोन किया था और उसे एक तय जगह पर मिलने के लिए बुलाया था। परिवार के सदस्यों ने दावा किया कि जब वह अपने दोस्तों के साथ वहां गया तो उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसके पेट में चाकू से कई वार किए गए। परिवार के लोगों ने दावा किया कि सूर्य अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और फिर से चाकू से उस पर वार किए। इस घटना की एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी। उसके बाद इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने आवाज उठाई। शनिवार को सूर्या चौहान के परिजनो ने उसके शव को रखकर जाम लगाया। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के काफी समझाने -बुझाने के बाद उन्होंने शनिवार शाम को सूर्या का अंतिम संस्कार किया।