वेद छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं 23 से 27 फरवरी तक
-महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने प्रयागराज के नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय को बनाया परीक्षा केंद्र
प्रयागराज, 19 फरवरी। वेद पढ़ने वाले छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक होंगी। महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड उज्जैन ने प्रयागराज मण्डल के लिए परीक्षा केन्द्र क्रमांक 80 झूंसी स्थित श्री स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय को बनाया है। इस परीक्षा केंद्र पर प्रयागराज मण्डल के करीब 325 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।
इसमें अनुदानित वेद पाठशाला-इकाई परीक्षार्थियों की संख्या 294 है और अनुदानरहित वाह्य परीक्षा प्रणाली के अन्तर्गत 31 छात्र शामिल हैं। वेद को मुख्य विषय के रूप में पढ़ने वाले इन परीक्षार्थियों की साक्षात मौखिक परीक्षा वेद विद्या प्रतिष्ठान द्वारा चयनित वेदाध्यापकों द्वारा सम्पन्न होगी। आधुनिक विषयों में संस्कृत,अंग्रेजी,गणित,सामाजिक विषय कम्प्यूटर,वैदिक साहित्य का इतिहास,भारतीय ज्ञान विज्ञान परम्परा,विज्ञान,कौशल विकास 3.0 की लिखित परीक्षा होगी।
प्रयागराज केन्द्र पर प्रयागराज के समस्त विद्यालयों समेत प्रतापगढ़,फतेहपुर आदि जिलों के छात्र भी परीक्षा में प्रतिभाग कर रहे हैं। महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान ने केन्द्र व्यवस्थापक सामवेदाचार्य एवं प्राचार्य स्वामी नरोत्तमानन्द गिरि वेद विद्यालय ब्रजमोहन पाण्डेय को नियुक्त किया है।
केंद्र व्यवस्थापक ब्रजमोहन पांडेय ने बताया कि महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय संस्कृत शिक्षा बोर्ड से संचालित वेद भूषण एवं वेद विभूषण के प्रथम,द्वितीय,तृतीय, चतुर्थ,पंचम एवं षष्ठ वर्ष की लिखित एवं मौखिक परीक्षा 23 से 27 फरवरी तक होगी। लिखित परीक्षा पहली पाली सुबह 8 बजे से 11 बजे तक होगी। अपरान्ह 11 से 1 बजे तक वेद विषय की मौखिक परिक्षा होगी, दूसरी पाली में वेद की मौखिक परीक्षा दोपहर 2 बजे से सायं 7 बजे शाम तक होगी। जबकि वेद विषय ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद की मौखिक परीक्षा अलग-अलग समयानुसार परीक्षकों के पैनल के सामने कराई जायेगी। इसमें कंठस्थीकरण, स्वर संचालन और उच्चारण विधाओं का परीक्षण होगा।
केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि पूरे देश में करीब 87 परीक्षा केंद्र बनाये गए हैं। वहीं प्रयागराज मण्डल में एक मात्र केंद्र इस वेद पाठशाला को बनाया गया है। हमारे केंद्र पर सीसीटीवी की निगरानी में सुचारु परीक्षा सम्पन्न कराने की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। नकल रोकने और अनुचित साधनों का प्रयोग रोकने की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रयागराज के सेंटर पर परीक्षा सामग्री, कॉपियां और प्रश्न पत्र आदि पहले ही पहुंच चुके हैं। महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड ने केंद्र पर्यवेक्षक, सह-केंद्र पर्यवेक्षक, केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षकों का पैनल नियुक्त कर दिया है। परीक्षा सामग्री भी निर्धारित केंद्र पर पहुँच चुकी है और सभी तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं।
परीक्षा की अन्य व्यवस्थाओं के लिये पाठशाला के संस्कृत अध्यापक शिवानंद द्विवेदी, आधुनिक विषय अध्यापक कृष्ण कुमार मिश्र, अवनी सिंह, अंजनी कुमार सिंह को भी अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।