युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपित ऑटो चालक मुठभेड़ में गिरफ्तार
युवती से छेड़छाड़ करने वाला आरोपित ऑटो चालक मुठभेड़ में गिरफ्तार
लखनऊ, 31 मई । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में युवती से छेड़खानी, गाली-गलौज एवं हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित ऑटो चालक आरोपित सनी यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) डा. दीक्षा शर्मा ने रविवार को बताया कि शिकायतकर्ता ने 30 मई को विकासनगर थाना पर सूचना दी थी कि उसकी पुत्री के साथ ऑटो चालक सनी यादव ने अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसके साथ अभद्र भाषा एवं गाली-गलौज की। उसके ऊपर जानलेवा हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसे उपचार के चिकित्सालय में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर थाना विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना विकासनगर पुलिस आरोपित की तलाश के लिए निरंतर सुरागरसी एवं दबिश की कार्यवाही की जा रही थी। शनिवार की बीती रात को पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि वांछित आरोपित सनी यादव आवासीय परिसर भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण उत्तरी क्षेत्र, टेढ़ी पुलिया के निकट मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और आरोपित को घेरते हुए उसे आत्मसमर्पण करने को कहा। इस पर आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपित की ओर से चलाई गई पहली गोली थानाध्यक्ष के सरकारी वाहन के गेट पर लगी, जबकि दूसरी गोली निकट स्थित मैदान की ओर दागी गई। पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित में सनी यादव के दाहिने पैर में गोली जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। तत्पश्चात पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में चिकित्सालय भेजा गया, जहाँ उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने अवैध असलहा बरामद कर लिया है।