समाजवादी पार्टी के नौ नेताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज
समाजवादी पार्टी के नौ नेताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज
वाराणसी, 20 जून। उत्तर प्रदेश के चंदौली में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के नौ नेताओं के खिलाफ नामजद और दो सौ अज्ञात लोगों के विरुद्ध सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है। नहरों में पानी, स्मार्ट मीटर सहित मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया था।
चंदौली में शनिवार को राजनीति उस वक्त और गर्म हो गई, जब समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, सांसद प्रतिनिधि नवीन सिंह, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व विधायक प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, पूर्व चेयरमैन मुसाफिर सिंह चौहान, पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. वी.के. बिंद और जिला महासचिव नफीस अहमद के विरूद्ध एफआईआर दर्ज हो गई। समाजवादी पार्टी के नेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलने पर सभी का गुस्सा सामने आया और उन्होंने इस कार्रवाई को तानाशाही पूर्ण बताया।
समाजवादी पार्टी के नेताओं के विरुद्ध तहरीर देने वाले सदर कोतवाली के प्रभारी बी.के. पांडेय ने कहा कि कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए एफआईआर कराई गई है। एफआईआर में गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के नेताओं का आचरण ठीक नहीं पाया गया है।