लखनऊ : चिनहट में तीन मंजिला मकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने दो लोगों को बचाया
चिनहट में तीन मंजिला मकान में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने दो लोगों को बचाया
लखनऊ, 3 दिसंबर । लखनऊ में थाना चिनहट इलाके में मंगलवार देर रात मटियारी चौराहा स्थित अवस्थी परिवार के एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। मकान में अवस्थी के नाम स्वीट्स और जनरल स्टोर संचालित होता है। शॉर्ट सर्किट से लगी आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर दूसरे मंजिल तक फैल गई।
तेज लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। चिनहट, इंदिरानगर, गोमतीनगर, टेलको और हजरतगंज फायर स्टेशन से कुल छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग घर के मुख्य दरवाजे पर लगी होने के कारण टीम का अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा था। पूरा मकान धुएं से भर गया था, जिसके चलते फायरकर्मियों ने सभी खिड़कियां तोड़कर धुआं बाहर निकाला।
अंदर दो लोग फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस और फायर टीम ने खिड़की व दरवाजे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी सूझबूझ से बड़ी जनहानि टल गई। परिवार के अन्य सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट के चलते आग लगी हैं । फायर टीम को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि बीच-बीच में आग उठती रही। करीब छह गाड़ियों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का भारी नुकसान बताया जा रहा है।