मॉडर्न ठेला व 10 हजार का चेक पाकर प्रसन्न हुए प्रयागराज के 13 परिवार
मॉडर्न ठेला व 10 हजार का चेक पाकर प्रसन्न हुए प्रयागराज के 13 परिवार
प्रयागराज, 12 मार्च । जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रयागराज के 13 परिवारों को मॉडर्न ठेला और 10 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। यह वितरण कार्यक्रम वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन तथा नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के सहयोग से किया गया।
चैथम लाइन क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने 13 जरूरतमंद परिवारों को मॉडर्न ठेला, 10 हजार रुपये का चेक और व्यवसाय से जुड़ी आवश्यक सामग्री प्रदान की।
अभिलाषा गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज अपने पूर्वजों की गौरवशाली परम्परा, सेवा और संस्कारों को आगे बढ़ाता आया है। उन्होंने कहा कि कई लोग बैंक की औपचारिकताओं को पूरा नहीं कर पाने के कारण सूदखोरों के चंगुल में फंस जाते हैं। ऐसे लोगों को आर्थिक सहायता देकर आत्मनिर्भर बनाना ही वैश्य इंटरनेशनल एसोसिएशन का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं बल्कि जरूरतमंदों को व्यापार से जोड़कर सम्मानपूर्वक आजीविका चलाने के लिए सक्षम बनाना है। इसी उद्देश्य से आधुनिक ठेला प्रदान किया जा रहा है, ताकि लोग सम्मानपूर्वक व्यापार कर सकें।
ठेला प्राप्त करने वालों में मुट्ठीगंज निवासी नितेश कुमार अग्रहरी (कल्लू), बहादुरगंज निवासी सुशील (रिंकू टमाटर), महावीरन गली निवासी राजकुमार केसरवानी (बद्री कचौड़ी), मुट्ठीगंज निवासी ज्ञानेन्द्र जायसवाल (वीरू चाय), बादशाही मंडी निवासी आदित्य, झलवा निवासी अश्विनी गुप्ता (अंशु), मालवीय नगर निवासी सुरेश चंद्र केसरवानी, नैनी निवासी सुमित्रा देवी केसरवानी, जानसेनगंज निवासी रोहित (जूस), मोतीमहल निवासी संतोष, गुड़मंडी निवासी ऋषि गुप्ता, जीवन ज्योति हॉस्पिटल के सामने श्रीमती मंजू गुप्ता तथा पत्थरचट्टी रामलीला मैदान के सामने मंजू गुप्ता शामिल रहीं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर संयोजक दीप द्विवेदी, मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष परमानंद वर्मा, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, कीडगंज मंडल अध्यक्ष कबीर जायसवाल, नैनी मंडल अध्यक्ष रजत दुबे, मीरापुर मंडल अध्यक्ष गया निषाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।