प्रयागराज में सफाई मित्रों की कलाई पर सजी राखी, स्वच्छता का लिया संकल्प
प्रयागराज में सफाई मित्रों की कलाई पर सजी राखी, स्वच्छता का लिया संकल्प
प्रयागराज, 26 अगस्त ।रक्षाबंधन के अवसर पर प्रयागराज नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छता रक्षाबंधन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मोहिस्मगंज की पार्षद कुसुम लता ने गणेश पार्क में नगर निगम की सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट टीम के साथ सफाई मित्रों को तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान सफाई मित्रों ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
पार्षद कुसुम लता ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने सफाई मित्रों से अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हुए प्रयागराज को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर निगम के निरीक्षक और अन्य कर्मचारियों को भी राखी बांधी गई और मिठाई खिलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। सभी ने प्रयागराज को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प लिया।
सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट की टीम की प्रीति सिंह ने भी सफाई मित्रों को राखी बांधकर उन्हें स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र अपने दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र प्रसाद तिवारी उर्फ दुकानजी को भी पार्षद ने राखी बांधी और मिठाई खिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से सफाई मित्रों और नगर निगम कर्मचारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट की टीम की ओर से बताया गया कि स्वच्छता रक्षाबंधन’ अभियान के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई मित्रों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया जाएगा और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है।