गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार घटा, सभी तटबंध सुरक्षित

गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार घटा, सभी तटबंध सुरक्षित

गंगा-यमुना का जलस्तर लगातार घटा, सभी तटबंध सुरक्षित

प्रयागराज, 26 अगस्त । गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से बुधवार सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार यमुना का जलस्तर नैनी में 79.47 मीटर और गंगा का जलस्तर फाफामऊ में 80.63 मीटर तथा छतनाग में 79.01 मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में सभी प्रमुख स्थानों पर जलस्तर में कमी आई है और जिले के सभी तटबंध सुरक्षित हैं।

यमुना के नैनी स्टेशन पर जलस्तर में पिछले 24 घंटे में 27 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई। यहां 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। गंगा के फाफामऊ में जलस्तर 6 सेंटीमीटर घटकर 80.63 मीटर रह गया। यहां 27.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। छतनाग में गंगा का जलस्तर 27 सेंटीमीटर घटकर 79.01 मीटर दर्ज किया गया, जबकि यहां 12.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

बक्सी बांध स्थित एसटीपी पर जलस्तर 79.69 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 21 सेंटीमीटर कम है।

जिला प्रशासन के अनुसार प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। वर्तमान स्थिति में सभी तटबंध सुरक्षित हैं। प्रशासन की टीमें जलस्तर और वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।