सीमा से सटे कटरा के जंगल में फिर नजर आया गजराजों का जोड़ा, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

- पांचवें दिन भी जंगल में डटे हाथी, गांवों में पहुंचकर वनकर्मियों ने ग्रामीणों को किया सतर्क

सीमा से सटे कटरा के जंगल में फिर नजर आया गजराजों का जोड़ा, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

मीरजापुर, 02 सितंबर । बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर ड्रमंडगंज वनरेंज के जंगलों में पहुंचे हाथियों के जोड़े ने बुधवार को भी अपना ठिकाना नहीं बदला। पांचवें दिन दोनों हाथी लहुरियादह से होते हुए प्रयागराज जिले की सीमा से सटे कटरा के जंगल में चहलकदमी करते दिखाई दिए। जंगल में हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में उत्सुकता के साथ सतर्कता भी बढ़ गई है।

हाथियों की लगातार निगरानी के लिए वन विभाग की टीम जंगल में सक्रिय है। रेंजर रविशंकर शर्मा के नेतृत्व में वन दारोगा कुमार कार्तिकेय, अखिलेश्वर दुबे, अभिषेक सिंह और वनरक्षक अनादि नाथ तिवारी समेत वनकर्मियों की टीम ने जंगल में पहुंचकर हाथियों की गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखी। दोपहर के समय दोनों हाथियों को कटरा जंगल में देखा गया।

वन विभाग ने जंगल से सटे गांवों में ग्रामीणों को जागरूक करते हुए हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथियों को देखने या उनके करीब पहुंचने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है।

रेंजर रविशंकर शर्मा ने बताया कि हाथियों का जोड़ा फिलहाल लहुरियादह और कटरा के जंगल क्षेत्र में मौजूद है। जीपीएस ट्रैकर मशीन के माध्यम से दोनों हाथियों की लोकेशन लगातार ट्रेस की जा रही है। वन विभाग की टीम उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए आसपास के ग्रामीणों को भी समय-समय पर सतर्क कर रही है।