कानपुर पुलिस ने बरामद किए 121 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाकर दी बड़ी राहत
सर्विलांस टीम ने अलग-अलग राज्यों और जिलों से करीब ₹24 लाख कीमत के मोबाइल बरामद किए, पहचान और स्वामित्व की पुष्टि के बाद मालिकों को सौंपे।
कानपुर, 23 सितंबर । जनपद में खोए मोबाइल की तलाश में जुटी कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को 121 लोगों को उनके गुम हुए फोन वापस कर बड़ी राहत पहुंचाई है। अलग-अलग राज्यों और जिलाें में तलाश के बाद बरामद किए गए इन मोबाइल की कीमत करीब 24 लाख रुपये है।
मोबाइल फोन गुम होने के बाद लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद सर्विलांस टीमों ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की लोकेशन और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर संपर्क और भौतिक सत्यापन कर मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने पहचान और स्वामित्व की पुष्टि के बाद बुधवार को सभी 121 मोबाइल उनके मालिकों को सौंप दिए।
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल में मौजूद जरूरी संपर्क, फोटो, दस्तावेज और अन्य निजी जानकारी भी वापस मिल गई। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई के लिए टीम का आभार जताया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराना जरूरी है। यूपी कॉप और केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। इसके अलावा नजदीकी थाने, साइबर हेल्प डेस्क या सर्विलांस सेल को सूचना दी जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों और जिलाें से मोबाइल बरामद करने में सर्विलांस टीमों ने लगातार प्रयास किए। तकनीकी संसाधनों के जरिए मोबाइल की तलाश कर उन्हें वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया गया।