कानपुर सेंट्रल के मंदिर से चार मुकुट चोरी करने का आरोपित गिरफ्तार, 2 लाख से अधिक के मुकुट बरामद
कानपुर सेंट्रल के मंदिर से चार मुकुट चोरी करने का आरोपित गिरफ्तार, 2 लाख से अधिक के मुकुट बरामद
कानपुर, 19 अक्टूबर । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित मंदिर से चार मुकुट चोरी करने के मामले में जीआरपी ने सोमवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से सफेद धातु के चार मुकुट बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपित की पहचान बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के लवली टीका गांव निवासी कृष्णा तिवारी के रूप में हुई है।
जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक-ए पर बने श्री युगाडेश्वर हनुमान मंदिर से 18 अक्टूबर को गणेश, मां दुर्गा, मां काली और हनुमान जी के मुकुट चोरी हो गए थे। मंदिर से कीमती मुकुट गायब होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की।
जीआरपी की टीम ने प्रयागराज साइड स्थित रेलवे स्टेशन के कूड़ा घर के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के लवली टीका गांव निवासी कृष्णा तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए चारों मुकुट बरामद कर लिए। जीआरपी अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।