बाघंबरी मठ में हर्षोल्लास से मनाई गई महानवमी, महंत बलबीर गिरि ने किया कन्या पूजन
अल्लापुर स्थित श्री मठ बाघंबरी गद्दी में मां बागेश्वरी देवी का अभिषेक, भव्य शृंगार और आरती; महंत ने कन्याओं के चरण पखारकर लिया आशीर्वाद।
प्रयागराज, 19 अक्टूबर । शारदीय नवरात्र की महानवमी पर अल्लापुर स्थित श्री मठ बाघंबरी गद्दी में मां बागेश्वरी देवी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मठ के महंत बलबीर गिरि जी महाराज ने विधि-विधान से देवी का अभिषेक, शृंगार और आरती कर कन्या पूजन किया। उन्होंने मां बागेश्वरी से सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
महानवमी के अवसर पर सोमवार सुबह मठ में धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। महंत बलबीर गिरि जी महाराज ने मां बागेश्वरी देवी का अभिषेक करने के बाद भव्य शृंगार किया और आरती उतारी। इसके बाद उन्होंने देवी स्वरूप कन्याओं का पूजन किया। महंत ने कन्याओं के चरण पखारकर उनका आशीर्वाद लिया।
कन्या पूजन के बाद कन्याओं को विधिवत भोजन कराया गया। इसके उपरांत उन्हें दक्षिणा और उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इस दौरान मठ में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां बागेश्वरी देवी के दर्शन-पूजन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
महंत बलबीर गिरि जी महाराज ने कहा कि महानवमी पर मठ में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मां दुर्गा के नौवें स्वरूप की आराधना का यह पर्व श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। उन्होंने मां बागेश्वरी से सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने तथा सबका कल्याण करने की प्रार्थना की।