सिटी स्टेशन पर होगा संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, अनुयायी करेंगे अगवानी
सिटी स्टेशन पर होगा संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत, अनुयायी करेंगे अगवानी
जौनपुर, 17 जुलाई। संत रविदास की तपोस्थली छेराहटा (अमृतसर) से उनकी जन्मस्थली वाराणसी तक संचालित संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस (14623/14624) का शुभारंभ 17 जुलाई को अमृतसर से किया गया। यह नई ट्रेन शनिवार, 18 जुलाई को प्रातः 11 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जहां संत रविदास के अनुयायियों द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।इस बार स्वागत कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि रेल मंत्रालय की पहल पर किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल के नेताओं के बजाय संत रविदास पंथ के अनुयायी स्वयं ट्रेन का स्वागत करेंगे। इसे सामाजिक समरसता और श्रद्धा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।जौनपुर सिटी स्टेशन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी रमेश बौद्ध और रमेश चंद्र गौतम करेंगे। दोनों अपने समर्थकों और रविदासिया समाज के लोगों के साथ स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का स्वागत करेंगे।कार्यक्रम को लेकर रेलवे प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, जबकि वाणिज्य विभाग की ओर से आरक्षण पर्यवेक्षक अनुराग तिवारी को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वागत व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह पहली बार संत रविदास की तपस्थली छेराहटा (अमृतसर) और जन्मस्थली वाराणसी को सीधे रेल मार्ग से जोड़ रही है। इस नई रेल सेवा से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि पंजाब और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले आम यात्रियों को भी तेज और बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।