Brajesh Pathak के साले Rajeev Tripathi का बड़ा ऐलान, 2027 में SP की विचारधारा का करेंगे प्रचार; बोले- बहन-बहनोई से राजनीतिक मतलब नहीं

डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक के भाई राजीव त्रिपाठी ने Facebook पोस्ट में समाजवादी पार्टी के समर्थन का किया ऐलान, 2027 में सपा की सरकार बनाने में योगदान का दावा

Brajesh Pathak के साले Rajeev Tripathi का बड़ा ऐलान, 2027 में SP की विचारधारा का करेंगे प्रचार; बोले- बहन-बहनोई से राजनीतिक मतलब नहीं

लखनऊ, 01 सितंबर । उत्तर प्रदेश की सियासत में एक फेसबुक पोस्ट ने मंगलवार को नई चर्चा छेड़ दी है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सगे साले राजीव कुमार त्रिपाठी ने सार्वजनिक रूप से समाजवादी पार्टी (सपा) की विचारधारा के साथ खड़े होने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि त्रिपाठी ने अपने पोस्ट में अपनी सगी बहन नम्रता पाठक और बहनोई ब्रजेश पाठक का जिक्र करते हुए साफ किया कि राजनीतिक कारणों से उनका उनसे कोई मतलब नहीं है। यही नहीं, उन्होंने अपने इस राजनीतिक कदम से उन्हें कष्ट पहुंचने की स्थिति में माफी मांगते हुए अपने राजनीतिक भविष्य की दिशा भी स्पष्ट कर दी।

राजीव कुमार त्रिपाठी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि “नम्रता पाठक जो मेरी सगी बड़ी बहन है” और उनके पति ब्रजेश पाठक उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से उनका दोनों से कोई मतलब नहीं है। इसके बाद उन्होंने लिखा कि यदि उनके इस कदम से उन्हें कष्ट है तो वह अपने भविष्य को देखते हुए उनसे क्षमा चाहते हैं।

‘सपा के प्रचार-प्रसार और विस्तार में करूंगा योगदान’

राजीव त्रिपाठी का पोस्ट यहीं नहीं रुका। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा कि वह समाजवादी पार्टी की समाजवादी विचारधारा से ओतप्रोत होकर पार्टी के प्रचार-प्रसार और विस्तार का काम करेंगे। उन्होंने जातीय समीकरण की राजनीति से ऊपर उठकर सभी जातियों के बीच समाजवाद की बात कही।

उन्होंने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में योगदान देने का भी संकल्प व्यक्त किया। उनके इस बयान ने पोस्ट को महज पारिवारिक या व्यक्तिगत टिप्पणी से आगे बढ़ाकर सीधे तौर पर राजनीतिक बना दिया है।