राम गोविंद चौधरी को अखिलेश यादव ने दी अंतिम विदाई, बोले- समाजवादी आंदोलन को बड़ी क्षति
सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी के निधन पर अखिलेश यादव ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
लखनऊ, 26 सितंबर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी के निधन पर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। अखिलेश यादव निशातगंज स्थित मेट्रो सिटी अपार्टमेंट में राम गोविंद चौधरी के आवास पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
अखिलेश यादव ने नम आंखों से राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि दी और पार्थिव शरीर पर समाजवादी पार्टी का झंडा रखा। उन्होंने उनके चरणों में नमन कर अंतिम विदाई दी। इस दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
अखिलेश यादव ने कहा कि "राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के नेता रहे हैं। शुरुआती दौर में जब समाजवाद की पहचान बनानी थी, उस पीढ़ी के वह लोग में एक थे। राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के ऐसे नेता थे, जिन्होंने समाजवाद की पहचान बनाने वाली पीढ़ी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी आंदोलन के लिए लगा दिया और संघर्ष करते हुए गुजारा। वह बहुत प्रभावी ढंग से अपनी बात रखते थे। उनके निधन से समाजवादी आंदोलन और समाजवादी पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। इस दुख की घड़ी में हम सभी समाजवादी लोग उनके परिवार के साथ हैं।"
राम गोविंद चौधरी के निधन पर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भी दिवंगत नेता को नमन किया। राम गोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन से लंबे समय से जुड़े रहे और उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी पहचान वरिष्ठ समाजवादी नेता के रूप में रही। उनके निधन से पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक है।