‘एनकाउंटर में सबसे ज्यादा पीडीए के लोग निशाने पर, सत्ता में आए तो कराएंगे जांच : अखिलेश यादव

- सपा अध्यक्ष ने एसटीएफ को बताया ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’ - भाजपा मेरे खिलाफ चला रही एआई कैंपेन, कल से शुरू होगा सपा का प्रचार अभियान

‘एनकाउंटर में सबसे ज्यादा पीडीए के लोग निशाने पर, सत्ता में आए तो कराएंगे जांच : अखिलेश यादव

लखनऊ, 31 अगस्त । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था, पुलिस एनकाउंटर और मतदाता सूची को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पुलिस की कार्रवाई के नाम पर सबसे अधिक पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर अब तक हुए सभी एनकाउंटर मामलों की जांच कराई जाएगी।

अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शामली में सोमवार सुबह हरियाणवी संगीतकार अंकित बालियान की हत्या के मामले में दो आरोपितों के मुठभेड़ में मारे जाने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रदेश में हो रही पुलिस कार्यवाहियों पर सवाल उठाते हुए इन्हें गलत बताया और सरकार की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा।

‘एसटीएफ का मतलब स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की एसटीएफ का मतलब ‘स्वजातीय टॉर्चर फोर्स’ है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की यह टीम पीडीए वर्ग के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था के नाम पर होने वाली पुलिस कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। सपा सरकार बनने पर ऐसे सभी मामलों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

‘मेरे खिलाफ पैसा खर्च कर एआई कैंपेन चला रही भाजपा’

सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर उनके खिलाफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए प्रचार अभियान चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ एआई से वीडियो बनाए जा रहे हैं और इसके लिए पैसा खर्च किया जा रहा है। अखिलेश ने कहा कि “एआई वाला अगर खेल खेलोगे तो उसका जवाब हम भी देंगे।” उन्होंने ऐलान किया कि सपा का चुनावी प्रचार अभियान मंगलवार से शुरू होगा।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का भी लगाया आरोप

अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर भी भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा बाहर के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करवा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में मतदाता सूची के स्तर पर गड़बड़ी की जा रही है और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। उन्हाेंने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा भ्रष्ट सरकार प्रदेश में कभी नहीं आई।

पत्रकार वार्ता के दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव, राजेंद्र चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।