टी-10 टेनिस बॉल क्रिकेट अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम घोषित

—चयनित खिलाड़ी आगामी 29 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होंगे

टी-10 टेनिस बॉल क्रिकेट अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम घोषित

वाराणसी, 21 जून । टी—10 टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित होने वाली अंडर-19 राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) टीम की घोषणा कर दी गई है। चयनित खिलाड़ी आगामी 29 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होंगे, जहां देशभर के विभिन्न राज्यों की टीमें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

संघ के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर संपन्न की गई है। चयनित खिलाड़ी पिछले कई महीनों से लगातार अभ्यास कर रहे हैं और राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीम प्रबंधन को विश्वास है कि उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) की टीम अपने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना के बल पर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेगी। टी—10 टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव अभिषेक कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी धनेश्वर साहनी ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं है। पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यह एक बड़ा अवसर है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और अपने क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।

जनरल सेक्रेटरी धनेश्वर साहनी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए घोषित टीम में अध्यक्ष बॉबी सिंह, वैभव सिंह, हर्षित विश्वकर्मा, ऋषभ सेठ, कृष्णा जायसवाल, प्रथम जायसवाल, कार्तिक गुप्ता, रौनक श्रीवास्तव, राज जायसवाल, हर्ष गुप्ता, उज्जवल पाठक, शंकर, आर्यन चौबे, प्रीतम, बादल, पृथ्वी, सूरज यादव, अंकित सिंह, अंकित कुमार, मिलीत आनंद, आयुष चौधरी, मयंक पांडे, सिद्धार्थ भट्टाचार्य, सौरभ चौबे, हिमांशु, रोहित, असद अनवार तथा सार्थक जायसवाल को स्थान दिया गया है। टीम में चयन के बाद खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खुशी जताई। चयनित खिलाड़ियों ने संघ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित करने का हर संभव प्रयास करेंगे।

जनरल सेक्रेटरी धनेश्वर साहनी ने बताया कि टीम का अंतिम प्रशिक्षण शिविर शीघ्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों की तकनीकी एवं मानसिक तैयारी को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी, लेकिन उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) की टीम पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।