'परीक्षा पे चर्चा' की पहल विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करेगी: योगी आदित्यनाथ
परीक्षा के क्षणों में सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों में ऊर्जा भर देता है
लखनऊ, 06 फरवरी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज 'परीक्षा पे चर्चा' के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दी है।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखा कि परीक्षा आत्मविश्वास, अनुशासन और धैर्य की कसौटी होती है। ऐसे क्षणों में सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों के मन से भय हटाकर उनमें विश्वास और ऊर्जा भर देता है। परीक्षा पे चर्चा' की पहल करोड़ों विद्यार्थियों के मन में नई दिशा, नई ऊर्जा और नए विश्वास का संचार करेगी।
प्रधानमंत्री ने परीक्षा पे चर्चा' में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि तनाव नहीं, संतुलन को अपनाइए। प्रतिस्पर्धा नहीं, आत्म-विकास पर ध्यान दीजिए और परिणाम नहीं, निरंतर प्रयास पर भरोसा रखिए। उनके शब्दों में सकारात्मक दृष्टि, लक्ष्य की स्पष्टता और हर चुनौती का मुस्कुराकर सामना करने की प्रेरणा समाहित है। योगी ने लिखा कि यह संवाद केवल परीक्षा कक्ष तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन की हर परीक्षा में स्थिर रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने सामर्थ्य पर विश्वास बनाए रखने का संदेश देता है।