नीट यूजी री-एग्जाम 2026 उप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न

नीट यूजी री-एग्जाम 2026 उप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न

नीट यूजी री-एग्जाम 2026 उप्र में कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न

लखनऊ, 21 जून । उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी री-एग्जाम 2026) कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुई। अभी तक कही से भी कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि वह दोबारा परीक्षा देर रहे हैं इस बार उन्हें सफलता मिलेगी। पिछली बार परीक्षा लीक हाे गया था, जिससे उन्हें काफी मायूस हाेना पड़ा था और मनोबल टूट गया था।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 72 केंद्रों पर नीट यूजी का री—एग्जाम हुआ है। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़ें बंदोबस्त रहे। एक—एक अभर्थियों की सघन चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्र पर प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी विशाख जी और ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि लखनऊ के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा हुई है। सभी जगह पुलिस फोर्स के अलावा मजिस्ट्रेट निगरानी में थे। वहीं, ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर तीन लेयर में सघन चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया था। अभी तक कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली है। हमारी टीम पूरी तरह से मुस्तैद है और सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जा रही है। एक ओर जहां सख्त रवैया अपनाया जा रहा है तो पुलिस की मानवता भी दिखी है। गोमतीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंची छात्रा को पुलिस कर्मियों ने उसके सेंटर बालिका इंटर गवर्नमेंट कॉलेज में पहुंचाया गया।

देवरिया जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा में 5702 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सभी केंद्रों पर करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसओजी और एसटीएफ की टीमें भी लगातार निगरानी में जुटी हैं। वहीं प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर परीक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है।

जौनपुर जिले में बनाए गए 17 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रही है। परीक्षा में कुल 8905 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बरेली जिले में नीट परीक्षा के लिए 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मेरठ के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। मुरादाबाद जिले में 22 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 10,600 अभ्यर्थी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि देश की सबसे बड़ी 'नीट-यूजी 2026' परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद राज्य की पुलिस ने कमर कस ली है और पूरे प्रदेश के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने नीट-यूजी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए यात्रा किराए में 50 प्रतिशत छूट दिया था। लेकिन अभ्यर्थी को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा।