प्रयागराज काे विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध : गणेश केसरवानी
प्रयागराज काे विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 02 मई। प्रयागराज को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उक्त बातें शनिवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग तथा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद से महत्वपूर्ण मुलाकात के बाद प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से सभी प्रस्तावित योजनाएं शीघ्र ही धरातल पर उतरेंगी और शहरवासियों को उनका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह बैठक प्रयागराज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है, जो आने वाले समय में शहर की तस्वीर को नई पहचान देगा।
शहर के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर गणेश केसरवानी ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग तथा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद से महत्वपूर्ण मुलाकात की।
इस दौरान प्रयागराज के बहुआयामी विकास से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा विभिन्न परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने को लेकर सकारात्मक सहमति बनी।
बैठक में महापौर ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ रखते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। इनमें पैदल राम सेतु निर्माण, चौक क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग एवं मीना बाजार का विकास, टेक्नोलॉजी पार्क हेतु 10 एकड़ भूमि का आवंटन हेतु आश्वासित किया, वर्किंग वूमेन हॉस्टल की स्थापना तथा हेरिटेज मोहल्ला दारागंज, लोकनाथ एवं मालवीय नगर के विकास योजना प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, रोजगार के अवसर सृजित करना तथा सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना है।
महापौर ने विशेष रूप से चौक क्षेत्र की यातायात समस्या को रेखांकित करते हुए अंडरग्राउंड पार्किंग को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से जहां जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी, वहीं मीना बाजार के विकास से स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी। साथ ही, प्रस्तावित टेक्नोलॉजी पार्क से आईटी एवं स्टार्टअप सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्किंग वूमेन हॉस्टल की स्थापना पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त, शहर के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक क्षेत्रों को संरक्षित और आकर्षक स्वरूप देने के लिए हेरिटेज मोहल्ला योजना पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण विषय वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना रहा। लंबित करों एवं बकाया राशि के निस्तारण हेतु गठित कमेटी के संदर्भ में प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद ने आश्वासन दिया कि यह योजना जून माह तक लागू कर दी जाएगी, जिससे हजारों नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।