लखनऊ : नर्सों को गृह जनपद में ट्रांसफर का तोहफा, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का ऐलान
लखनऊ : नर्सों को गृह जनपद में ट्रांसफर का तोहफा, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का ऐलान
लखनऊ, 08 नवम्बर । लखनऊ में शनिवार को हुए राजकीय नर्सेज संघ के 18वें प्रांतीय अधिवेशन में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने नर्सों के हित में बड़ा फैसला लिया। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश की नर्सों के ट्रांसफर अब उनके गृह जनपदों में किए जाएंगे, जिससे वे परिवार और कार्य, दोनों में संतुलन बना सकें।
अधिवेशन में नर्सेज संघ ने 13 सूत्री मांग पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें गृह जनपद में पोस्टिंग की मांग प्रमुख थी। डिप्टी सीएम ने मौके पर ही प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए कहा कि राज्य सरकार नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बृजेश पाठक ने नर्सों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा, “नर्सों को सिस्टर इसलिए कहा जाता है क्योंकि उनमें मां के समान धैर्य और सेवा की भावना होती है। डॉक्टर इलाज करते हैं, लेकिन मरीज को स्वस्थ बनाकर घर भेजने का असली श्रेय नर्स को जाता है।”
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ नर्सों की समस्याओं पर भी संवेदनशीलता से काम कर रही है। किसी भी नर्स को कार्यस्थल पर परेशानी या उत्पीड़न का सामना करना पड़े, तो वह सीधे उन्हें सम्पर्क कर सकती हैं।
कार्यक्रम में एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, डीजी हेल्थ डॉ. रतनपाल सिंह, नर्सेज संघ की अध्यक्ष शर्ली भंडारी, महामंत्री अशोक कुमार समेत प्रदेश के 75 जिलों से आई नर्सें शामिल हुईं