अमित शाह मंगलवार को करेंगे नेफेड के ऑक्शन पोर्टल का शुभारंभ

अमित शाह मंगलवार को करेंगे नेफेड के ऑक्शन पोर्टल का शुभारंभ

अमित शाह मंगलवार को करेंगे नेफेड के ऑक्शन पोर्टल का शुभारंभ

नई दिल्ली, 22 जून । केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को यहां के अटल अक्षय ऊर्जा भवन में राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नेफेड) के ऑक्शन पोर्टल (एनएएफईएक्स डाट इन) का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेफेड के अध्यक्ष जेठाभाई अहीर और प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

सहकारित मंत्रालय के अनुसार, शाह कार्यक्रम के दौरान किसानों और सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई कई डिजिटल एवं कल्याणकारी पहलों का भी शुभारंभ करेंगे। इनमें किसानों के बच्चों के लिए नेफेड-कल्याण छात्रवृत्ति, दलहन एवं तिलहन के भंडार प्रबंधन के लिए दृष्टि पोर्टल, एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग को मजबूत करने के लिए ईआरपी पोर्टल और ऑक्शन पोर्टल नेफेक्स डॉट इन शामिल हैं।

कार्यक्रम में नेफेक्स डॉट इन पोर्टल पर लाइव पंजीकरण का प्रदर्शन किया जाएगा और नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत भी होगी। नेफेड के अनुसार यह पोर्टल कृषि उत्पादों की नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और संचालन की सुगमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से नीलामी से जुड़ी गतिविधियों का डिजिटलीकरण होगा और किसानों, सदस्य संस्थाओं तथा अन्य हितधारकों को एकीकृत मंच उपलब्ध होगा।

शाह इस अवसर पर किसानों के बच्चों को नेफेड –कल्याण छात्रवृत्ति के चेक भी वितरित करेंगे। नेफेड का कहना है कि यह पहल किसान कल्याण और शिक्षा को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

कार्यक्रम के बाद गृह एवं सहकारिता मंत्री नेफेड के निदेशक मंडल के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, प्रगति, पिछले निर्देशों पर हुई कार्रवाई तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि नेफेड देश में कृषि विपणन, खरीद और सहकारिता आधारित कृषि व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। संगठन का कहना है कि ये नई डिजिटल और कल्याणकारी पहलें प्रधानमंत्री मोदी के सहकार से समृद्धि के विजन को आगे बढ़ाने और सहकारी संस्थाओं को तकनीक एवं पारदर्शिता के माध्यम से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।