अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन पूजन
सांसद कंगना ने कहा कि काशी की धरती पर आकर उन्हें अत्यंत ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ
वाराणसी, 24 नवंबर । उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में सोमवार को पहुंचीं बॉलीवुड की प्रख्यात अभिनेत्री एवं भाजपा की सांसद कंगना रनौत ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया। काशी में आईं अभिनेत्री ने बाबा कालभैरव के दरबार में सबसे पहले दर्शन पूजन किया। मंदिर में बिना किसी विशेष व्यवस्था के सामान्य श्रद्धालुओं की तरह ही कंगना दर्शन के लिए लाइन में खड़ी हुईं। दर्शन के लिए वह स्वयं पूजन सामग्री खरीदकर लाई थीं। कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन के बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया।
मंदिर के गर्भगृह में कंगना ने बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार विधि से पूजन मंदिर के आचार्यो की देखरेख में किया। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद कंगना रनौत ने काशी के प्रसिद्ध चाट का स्वाद भी चखा। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि काशी की धरती पर आकर उन्हें अत्यंत ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ है। आज हम शिव–पार्वती की नगरी में आए हुए हैं। यहाँ की हर गली, हर मोड़, हर मंदिर में एक अद्भुत आध्यात्मिक शक्ति का अनुभव होता है। मैं पूरी तरह भक्ति में लीन हूँ।” उन्होंने अपनी इस यात्रा को पूरी तरह आध्यात्मिक बताया।
उन्होंने कहा कि जैसा काशी हमने अपने पुराने ग्रंथों में पढ़ा है, वैसे ही हमारी काशी मैया दिख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना कर कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि काशी ने मुझे गोद लिया है। वास्तव में यह नगरी जिस पर कृपा कर दे, उसके जीवन का मार्ग स्वतः बदल जाता है। इसलिए हम भी आज काशी के आंचल में आए हैं और बाबा का आशीर्वाद ले रहे हैं। कंगना रनौत ने कहा कि काशी में सफाई का प्रबंध काफी अच्छा है। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर भी बन गया है। उन्होंने बताया कि हमने गलियों में भ्रमण किया और देखा वह भी अब पक्के हो गए हैं।
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को कंगना ने श्रद्धांजलि दी
प्रयागराज में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद काशी आईं सांसद कंगना रनौत ने मंदिरों में दर्शन पूजन के बाद दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन पर शोक जताया और श्रद्धांजलि दी।