वाराणसी के पिशाचमोचन कुंड में नहाते समय युवक डूबा, मौत के बाद ई-रिक्शा से शव ले गए परिजन

पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद परिजन शव लेकर निकल गए, पुलिस ने रास्ते में ई-रिक्शा रोककर शव कब्जे में लिया।

वाराणसी के पिशाचमोचन कुंड में नहाते समय युवक डूबा, मौत के बाद ई-रिक्शा से शव ले गए परिजन

वाराणसी, 23 सितंबर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र स्थित पिशाचमोचन कुंड के बाकड़ेघाट पर बुधवार को नहाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से उसे कुंड से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मलदहिया मलिन बस्ती निवासी राजू कुमार (35) के रूप में हुई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई को लेकर परिजनों और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि परिजन पुलिसकर्मियों से शव घर ले जाने की मांग करते हुए धक्कामुक्की करने लगे। इसी दौरान परिजन शव को ई-रिक्शा में रखकर अस्पताल से लेकर निकल गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने रास्ते में ई-रिक्शा को रोक लिया और शव को वापस मंडलीय अस्पताल लाया गया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।

मामले की जानकारी मिलने पर सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा हाेती रही।