मिर्जामुराद राजपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर बकरी चरा रहे भाई-बहन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

-पुलिस के डर से परिजनों ने युवती का शव भूसे में छिपाया, तीन घंटे मशक्कत के बाद शव बरामद

मिर्जामुराद राजपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर बकरी चरा रहे भाई-बहन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

वाराणसी, 09 जुलाई । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर बकरी चरा रहे भाई-बहन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई के भय से युवती का शव घर लाकर भूसे के ढेर में छिपा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, राजपुर गांव निवासी अन्नू पाल की बेटी हीरामणि (19) बुधवार शाम गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान उसकी एक-दो बकरियां रेलवे लाइन पर चली गईं। वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रेन को आता देख हीरामणि बकरियों को बचाने के लिए ट्रैक की ओर दौड़ पड़ी। बहन को खतरे में देखकर उसका भाई टिंकू पाल (17) भी उसे बचाने के लिए रेलवे लाइन की ओर भागा। दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में हीरामणि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल टिंकू को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए। गुरुवार सुबह को उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद घबराए परिजन हीरामणि का शव घर ले आए और उसे भूसे के ढेर में छिपा दिया। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची लेकिन घटनास्थल पर शव नहीं मिला। ग्रामीणों से पूछताछ और गहन तलाश के बाद पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद भूसे के ढेर से शव बरामद कर कब्जे में ले लिया। मृतका के परिजनों ने बताया कि हीरामणि मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका उपचार चल रहा था।

मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवती के शव को परिजनों द्वारा भूसे में छिपाए जाने के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।