नोएडा में नकली नोटों के गिरोह का पर्दाफाश, 1.84 लाख रुपये की जाली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार

नॉलेज पार्क पुलिस ने 200 रुपये के 920 कथित जाली नोट किए बरामद। बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त, पुलिस के मुताबिक तीन गुना रुपये का लालच देकर लोगों को ठगने की थी योजना।

नोएडा में नकली नोटों के गिरोह का पर्दाफाश, 1.84 लाख रुपये की जाली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार

भारतीय नकली करेंसी के साथ चार गिरफ्तार

नोएडा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने भारतीय जाली नोटों को बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आज चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से 200-200 रुपये के 920 जाली नोट, जिनकी कीमत 1 लाख 84 हजार रुपये है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपिताें की पहचान अर्जुन सिंह (22) पुत्र धार्जीसिंह निवासी ग्राम ग्वाडिया, कोतवाली नगर सुल्तानपुर, शशांक गुप्ता (19) पुत्र सुनील गुप्ता निवासी हैदरगंज, कोतवाली अयोध्या, शान्तनु सिंह (19) पुत्र रामसिंह निवासी हरिहरपुर, कमलपुर सीतापुर और वैभव शुक्ला (19) पुत्र अन्जय कुमार शुक्ला निवासी टन्डौली, महाराजगंज अयोध्या के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि अर्जुन सिंह वर्ष 2024 में अयोध्या जेल में कुबेर सिंह नाम के व्यक्ति के साथ बंद था। वहीं दोनों की मुलाकात हुई और जाली नोट को खपाने की की साजिश रची। इसके के तहत कुबेर, अर्जुन, शशांक और शान्तनु मिलकर जाली नोट तैयार करते थे। अर्जुन अपने साथियों के साथ आम जनता को तीन गुना रुपये का झांसा देकर नकली नोटों के बदले असली नोट लेकर अवैध लाभ कमाता था और बाद में मुनाफे में हिस्सेदारी होती थी। 16 अक्टूबर को भी चारों गौतमबुद्धनगर में इसी तरह लोगों को ठगने आए थे। इसी दौरान पुलिस ने इन्हे धर लिया।