प्रयागराज में बोल्बो बस की टक्कर से महिला की मौत, मोटरसाइकिल चालक घायल
प्रयागराज: फाफामऊ पुल के पास वोल्वो बस की टक्कर से महिला की मौत, बाइक चालक घायल
प्रयागराज, 28 जून । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित शिवकुटी थाना क्षेत्र में फाफामऊ पुल के समीप रविवार शाम बोल्बो बस की टक्कर लगने मोटरसाइकिल सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चालक जख्मी हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में अमेठी जनपद के पीपापुर थाना क्षेत्र के खड़हर गांव निवासी कमलेश कुमारी (55) पत्नी उमा प्रसाद मौर्य की मौत हुई है। हादसे में मोटरसाइकिल चालक सुधीर घायल हुआ है। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए भर्ती कराया है। डीसीपी नगर ने बताया कि कमलेश कुमारी झूंसी थाने में सिपाही के पद पर तैनात बेटी पूनम मौर्य के पास प्रयागराज आईं हुईं थीं। वह गंगा स्नान करके सुधीर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रही थी। लेकिन वह फाफामऊ पुल के समीप रविवार को सड़क हादसे की शिकार हो गई। हादसे की सूचना परिवार को दे दी गई है। आगे की विधिक कार्रवाई परिवार की तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।