प्रयागराज समेत यूपी के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

अगले तीन घंटे मौसम रह सकता है खराब, तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को लेकर प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

प्रयागराज समेत यूपी के 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 3 घंटे में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी

प्रयागराज, 09 जून । उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम दर्जे की आंधी और हल्की से मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है। यह संभावना भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) और सचेत ऐप ने जताई है। यह जानकारी सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने दी है।

मौसम विभाग ने अमेठी, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, गोंडा, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली और सुल्तानपुर जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के साथ हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली चमकने तथा हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि प्रदेश के मध्य एवं पूर्वी हिस्सों में सक्रिय मौसमीय तंत्र के प्रभाव से गरज-चमक, तेज हवाएं और वर्षा की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालकों और खुले क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

डॉ. पांडेय ने सलाह दी कि खराब मौसम के दौरान लोग पेड़ों, बिजली के खंभों और टिन शेड जैसी कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े न हों। किसान खेतों में रखी उपज, कृषि यंत्रों एवं चारे को सुरक्षित स्थान पर रखें। आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए खुले मैदानों, जलाशयों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और बारिश से बागवानी फसलों तथा आम के बागों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए किसान मौसम साफ होने तक आवश्यक सावधानी बरतें।

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें तथा अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें।