प्रयागराज: स्नातक चुनाव में अधिक मतदान के लिए भाजपा ने तेज किया अभियान, 15 मंडलों में बंटी जिम्मेदारी
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले मतदाता पर्ची वितरण पर जोर, बूथ स्तर तक सक्रिय हुए पदाधिकारी और कार्यकर्ता
प्रयागराज, 21 अक्टूबर इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर पार्टी ने रणनीति तैयार कर महानगर के सभी 15 मंडलों में मतदाता पर्ची वितरण अभियान तेज कर दिया है। भाजपा ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अशाेक कुमार राठाैर काे प्रत्याशी बनाया है।
भाजपा जिला मीडिया विभाग के विवेक मिश्रा ने बुधवार को बताया कि प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतदान की तैयारियों में जुटे हैं। मतदाताओं तक समय से पर्ची पहुंचाने और उन्हें मतदान के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निवर्तमान प्रदेश महामंत्री एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता को प्रदेश नेतृत्व ने चुनाव में समन्वय की जिम्मेदारी देकर पिछले कई दिनों से प्रयागराज में लगाया है। वहीं, संगठन की ओर से स्नातक चुनाव के सह-संयोजक बनाए गए काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर सहित अन्य जनपदों का दौरा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं।
15 मंडलों में चल रहा मतदाता पर्ची वितरण अभियान
भाजपा महानगर प्रभारी राकेश त्रिवेदी और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता महानगर के सभी 15 मंडलों में अभियान की निगरानी कर रहे हैं। महानगर अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों, मतदान केंद्रों के प्रभारियों और बूथ प्रभारियों से मतदाताओं तक पर्चियां पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना और पर्ची वितरण का काम समय से पूरा करना प्राथमिकता है।
वेणी माधव, सिविल लाइंस, चौक, मुट्ठीगंज, कीडगंज, राजरूपपुर, सदर, गंगा पट्टी, यमुना पट्टी, भारद्वाज, विश्वविद्यालय, नैनी और शिवकुटी सहित विभिन्न मंडलों में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतदाता पर्ची वितरण में जुटे हैं। अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
बूथ प्रभारियों को सक्रिय रहने के निर्देश
पार्टी ने मतदान की तैयारियों के तहत बूथ प्रभारियों से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सक्रिय रहने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की है। संगठन का जोर है कि मतदाता पर्ची वितरण के साथ मतदान संबंधी जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाए, जिससे अधिक से अधिक स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, मतदान के दिन बेहतर समन्वय और बूथ स्तर पर सक्रियता बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।