पीडीए का चला बुलडाेजर, तीन बीघा में की गई अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
दोषियों के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई : उपाध्यक्ष ऋषिराज
प्रयागराज, 22 जुलाई । प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने बुधवार को अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए झूंसी क्षेत्र में लगभग तीन बीघा में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पीडीए ने अवैध निर्माण एवं प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधवार को जोन-4 के अंतर्गत उपजोन-4/1 के झूंसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जोनल अधिकारी के निर्देश पर पीडीए की प्रवर्तन टीम ने लगभग तीन बीघा क्षेत्रफल में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
पीडीए के अनुसार, मोहम्मद शफीक उर्फ नाटे पुत्र स्वर्गीय रियाजुल हसन निवासी निवारी महदेवा, नैनी तथा फिरोज सिद्दीकी पुत्र अब्बास सीता राम सिद्दीकी एवं अन्य द्वारा ग्राम झूंसी, नैनी, प्रयागराज में बिना स्वीकृति के लगभग तीन बीघा क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की गई थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया।
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि "प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत लेआउट के प्लॉट खरीदने से पहले नागरिक पूरी जांच-पड़ताल करें। अवैध कॉलोनी, अवैध प्लॉट या बिना क्षेत्रीय कार्यालय से अनुमति प्राप्त बहुमंजिला भवन (एचएफएल) में निवेश करने से बचें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।" उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सुनियोजित विकास और नियमानुसार निर्माण सुनिश्चित करने के लिए पीडीए पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के निर्देशन में अवर अभियंता कुंवर आनंद, सुपरवाइजर तथा पीडीए की प्रवर्तन टीम मौजूद रही।