बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या, आरोपित गिरफ्तार

कानपुर, 17 जुलाई । जिले की बाबूपुरवा थाना पुलिस ने रेलवे लाइन किनारे युवक साहिल की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित अरुण गुप्ता उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने को लेकर उपजे विवाद में आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया था।

टीपी नगर चौकी क्षेत्र में डिग्गी तालाब के पीछे रेलवे लाइन के किनारे स्थित जर्जर रेलवे गार्ड रूम में 26 वर्षीय साहिल का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना और पूछताछ के आधार पर जूही के साइड नंबर-86 निवासी अरुण गुप्ता उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की गई।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक ने आरोपित द्वारा अपनी बहन से की जा रही छेड़छाड़ का विरोध किया था। इसी रंजिश में आरोपित ने साहिल पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।-