कानपुर सेंट्रल पर एक लाख की शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कानपुर सेंट्रल पर एक लाख की शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कानपुर, 29 अगस्त । जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को करीब एक लाख रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके पास तीन बैग में 27 लीटर शराब बरामद हुई। आरोपित शराब लेकर ट्रेन से बिहार जाने की फिराक में था।
जीआरपी थाना प्रभारी ओम नारायण सिंह ने शनिवार को बताया कि रेलवे में चोरी की घटनाओं के साथ अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर गोविंदपुरी छोर की ओर चेकिंग की जा रही थी। हावड़ा एंड की तरफ खंभा नंबर 1020/29ए के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद तीन बैग से शराब की बोतलें बरामद हुईं।
पकड़े गए युवक की पहचान पांडव कुमार पुत्र इन्द्रदेव यादव निवासी ग्राम सितुआहा, वार्ड नंबर एक, थाना सलखुआ, जिला सहरसा, बिहार के रूप में हुई। उसके बैग से रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की की 750 एमएल की 25 बोतल और सिग्नेचर रेयर एज्ड व्हिस्की की 750 एमएल की 11 बोतल मिलीं। शराब की कुल मात्रा 27 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
आगे उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने शराब हरियाणा से लाकर बिहार ले जाने की बात स्वीकार की है। वह शराब लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पुलिस अब शराब की खेप उसे किस व्यक्ति से मिली और बिहार में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी, इसकी जानकारी जुटा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
जीआरपी ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य संभावित संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।