गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, 10 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

भोजपुर थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर जुलाई में हुई लूट के मामले में था वांछित, लूटा गया मोबाइल और अवैध तमंचा बरामद।

गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, 10 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

गाजियाबाद, 17 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात क्राइम ब्रांच और भोजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 10 हजार रुपये के इनामी लुटेरे को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायाल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। आरोपित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर जुलाई माह में हुई लूट की वारदात में वांछित था।

सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शुक्रवार की रात को संयुक्त टीम किल्हौड़ा बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हापुड़ की तरफ से तेज रफ्तार में बाइक पर सवार होकर आ रहा एक युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। वह बाइक लेकर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने के नियत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।

उन्हाेंने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपित की पहचान राज (22) उर्फ राजेंद्र पांडे पुत्र अजय पांडे, निवासी न्यू कोंडली, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई। उनके अनुसार, आरोपित ने 28 जुलाई 2026 को भोजपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर हुई लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस मामले में भोजपुर थाने में धारा 309(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज है। वारदात के बाद से आरोपित फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल भी मिली है, जिसका इस्तेमाल आरोपित कर रहा था।

एसीपी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ पहले से करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल आरोपित का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।