बुंदेलखंड के युवा अब तमंचे नहीं, ब्रह्मोस बनाएंगे और हम बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे : मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ
बुंदेलखंड के युवा अब तमंचे नहीं, ब्रह्मोस बनाएंगे और हम बुंदेलखंड को धरती का स्वर्ग बनाएंगे : मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ
बांदा, 09 जुलाई । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार काे बांदा में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सपा की सरकार के दौरान बुंदेलखंड पिछड़ेपन का दंश झेल रहा था। उस समय क्षेत्र में गुंडों, माफियाओं और डकैतों का बोलबाला था। युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके हाथों में तमंचे थमा दिए गए थे। आज भाजपा सरकार में बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से देश की सुरक्षा का बड़ा केंद्र बन रहा है और यहां के युवा ब्रह्मोस मिसाइल बनाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जब भारत ब्रह्मोस चलाता है तो पाकिस्तान भी चिल्लाता है। कहा कि बुंदेलखंड तेजी से विकसित हो रहा है जल्दी ही इसे धरती का स्वर्ग बनाएंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार काे बांदा जिले के पंडित जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय मैदान में 710 करोड़ की 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनता को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण बुंदेलखंड में निवेश की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं और पलायन पर रोक लगी है। "एक जनपद-एक उत्पाद" योजना के तहत बांदा का शजर पत्थर आज देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है और इसकी गिनती बहुमूल्य रत्नों में होने लगी है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को बीडा के रूप में बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिससे आने वाले समय में यहां रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे और नौकरी मांगने नहीं, बल्कि नौकरी पाने के लिए युवा यहां आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास और विरासत दोनों भाजपा की प्राथमिकता हैं। उन्होंने कहा कि विकास की यह यात्रा अच्छे जनप्रतिनिधियों के कारण ही संभव हो सकी है। भविष्य में जो भी जनप्रतिनिधि विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव लाएंगे, सरकार उन्हें आगे बढ़ाकर बुंदेलखंड को देश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करेगी।
उन्होंने कहा कि यदि विकास की यह निरंतरता टूट गई तो आने वाली पीढ़ियां कभी माफ नहीं करेंगी। मुख्यमंत्री ने बबेरू के सपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विकास में कोई रुचि नहीं है। गरीबों के हक पर डकैती डालना ही उनका विकास मॉडल है, जिसे हर हाल में रोका जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले महाराणा प्रताप और वीरांगना अवंतीबाई जैसी महान विभूतियों की प्रतिमाएं क्यों नहीं स्थापित की गईं और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे क्यों नहीं बन पाया। उन्होंने कहा कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद माफियाओं के कब्जे से 64 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई गई, जिस पर आज विकास और निवेश के नए कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर चलती है। आज मंदिरों के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास पर कार्य हो रहा है, जबकि पहले की सरकारें कब्रिस्तानों के विकास को प्राथमिकता देती थीं। यही कारण है कि कुछ लोग आज मंदिरों और धार्मिक विरासत के विकास का विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि बांदा अपने वीरों और वीरांगनाओं को सम्मान देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह चित्रकूट में भगवान कामतानाथ की परिक्रमा करने के बाद बांदा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करने के बजाय उसका अपमान करना अपना उद्देश्य बना चुके हैं। उन्हें राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम और चित्रकूट में हो रहे विकास कार्य अच्छे नहीं लगते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती, बल्कि बिना भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाती है। व्यापारी और बेटियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो लोग उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करेंगे, उनके लिए कानून ने कठोर रास्ता तय कर रखा है।
सभा के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छे जनप्रतिनिधि ही विकास की गारंटी होते हैं। आज बुंदेलखंड में मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज सहित अनेक विकास परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ईमानदार और विकासवादी होंगे तो क्षेत्र आगे बढ़ेगा, लेकिन यदि डकैत और अपराधी प्रवृत्ति के लोग जीतेंगे तो वे योजनाओं में भी डकैती डालेंगे और गरीबों की जमीनों पर कब्जा करेंगे। इसलिए प्रदेश और बुंदेलखंड के उज्ज्वल भविष्य के लिए सही जनप्रतिनिधियों का चयन बेहद आवश्यक है।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सदर विधायक बांदा प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक श्रीमती ओम मणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, विधान परिषद सदस्य बाबूलाल तिवारी व जितेंद्र सिंह सेंगर, पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ,पार्टी के जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत, नगर पालिका बांदा अध्यक्ष श्रीमती मालती बासु पूर्व, सांसद आरके सिंह पटेल पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय सिंह पटेल उपस्थित रहे।