शिक्षक MLC चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, प्रबुद्ध वर्ग से संपर्क-संवाद बढ़ाने पर जोर
अयोध्या में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नौ जिलों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ की बैठक; 11 शिक्षक MLC सीटों के चुनाव को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखने की बात कही।
अयोध्या, 16 अक्टूबर । अवध विश्वविद्यालय के श्रीराम शोध पीठ में शुक्रवार को आयोजित बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से लगातार संपर्क और संवाद बनाए रखने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर संपर्क और संवाद के माध्यम से विपक्षी विचारधारा से प्रभावित व्यक्ति को भी भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जा सकता है। इसलिए कार्यकर्ता मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को उन तक पहुंचाएं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 11 सीटों पर होने वाले शिक्षक एमएलसी चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के रिहर्सल के रूप में देखा जाना चाहिए। इस चुनाव में मिलने वाली सफलता कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नया उत्साह और ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने चुनाव की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रबुद्ध वर्ग से जुड़ा चुनाव है। शिक्षकों और प्रबुद्ध वर्ग को भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जोड़ना कार्यकर्ताओं का प्रमुख दायित्व है। इसके लिए व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और पार्टी के विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना आवश्यक है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय और सक्रियता पर भी जोर दिया। बैठक में शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों और प्रबुद्ध वर्ग के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाने का निर्देश दिया।
बैठक में अयोध्या महानगर के साथ अंबेडकरनगर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अमेठी और सुल्तानपुर की जिला इकाइयों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान संबंधित जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।