बुंदेलखंड को सीएम योगी की बड़ी सौगात, बांदा में ₹80 करोड़ से चमकेगा मुख्य मार्ग

फतेहपुर-बबेरू-अतर्रा-नरैनी-करतल मार्ग का 27.550 किमी हिस्सा टू-लेन किया जाएगा, परियोजना पूरी करने की समय-सीमा 27 जुलाई 2027 तय की गई है।

बुंदेलखंड को सीएम योगी की बड़ी सौगात, बांदा में ₹80 करोड़ से चमकेगा मुख्य मार्ग

बांदा, 23 सितंबर । उत्तर प्रदेश के

बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री योगी की सरकार ने बांदा जिले को एक और सौगात दी है। योगी सरकार ने बांदा के मुख्य संपर्क मार्ग के कायाकल्प के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस फैसले के तहत फतेहपुर-बबेरू-अतर्रा-नरैनी-करतल मार्ग का पूरी तरह से सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा। जिससे इस क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम व सुलभ हो जाएगा

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना के तहत 27.550 किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा कर टू-लेन बनाया जाएगा। चैनेज 88.400 से 115.950 तक होने वाले इस चौड़ीकरण कार्य के लिए विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। शासन स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद अब धरातल पर काम भी शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने के लिए 27 जुलाई 2027 तक की समय-सीमा तय की है।

बांदा का यह मार्ग व्यापारिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है। योगी सरकार के इस फैसले से जहां एक तरफ राहगीरों का सफर आसान, सुरक्षित और गड्ढामुक्त होगा, वहीं दूसरी तरफ बेहतर रोड कनेक्टिविटी से बांदा में व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं को अब जिला मुख्यालय और नजदीकी कस्बों तक पहुंचने में लगने वाला समय आधा रह जाएगा। वाहनों के रखरखाव का खर्च घटेगा और ईंधन की भी बड़ी बचत होगी।

लोगों का कहना है कि दशकों तक उपेक्षित रहे बुंदेलखंड को योगी सरकार ने विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे के बाद अब जिले की छोटी व बड़ी सड़कों के चौड़ीकरण से बांदा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता महेंद्र प्रताप का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि तय समय के भीतर बांदा की जनता को यह शानदार सड़क समर्पित की जा सके।

---------------