बुलंदशहर के शिकारपुर विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का निधन, भाजपा नेताओं ने जताया गहरा शोक

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने निधन को भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया, परिजनों और समर्थकों के प्रति जताई संवेदना

बुलंदशहर के शिकारपुर विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का निधन, भाजपा नेताओं ने जताया गहरा शोक

लखनऊ, 02 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह समेत पार्टी नेताओं ने जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता, पूर्व राज्य मंत्री एवं शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक अनिल शर्मा के निधन की हृदयविदारक सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और इस अपार दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को धैर्य और शक्ति दें। भावभीनी श्रद्धांजलि।