‘धनवर्षा’ का झांसा देकर तिहरा हत्याकांड, जहरीले लड्डू खिलाकर तीन की हत्या, तांत्रिक गिरफ्तार
‘धनवर्षा’ का झांसा देकर तिहरा हत्याकांड, जहरीले लड्डू खिलाकर तीन की हत्या, तांत्रिक गिरफ्तार
नई दिल्ली, 11 फ़रवरी । बाहरी जिले के पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने तिहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने ‘धनवर्षा’ कराने के नाम पर तीन लोगों को अपने जाल में फंसाया और योजनाबद्ध तरीके से जहरीले लड्डू खिलाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वह नकदी व सामान लेकर फरार हो गया। ।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान फिरोजाबाद (उप्र) निवासी कमरुद्दीन उर्फ बाबा के रूप में हुई है। वह लोनी और फिरोजाबाद में कथित तांत्रिक केंद्र चलाता था। जांच में सामने आया है कि आरोपित पहले भी जघन्य मामलों में शामिल रहा है।
कार में मिले थे तीनों के शव
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आठ फरवरी 2026 को पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि एक सफेद कार में तीन लोग अचेत पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार की ड्राइविंग सीट पर करीब 76 वर्षीय बुजुर्ग, बाहर निकाले गए 42 वर्षीय पुरुष और अंदर 40 वर्षीय महिला अचेत अवस्था में पड़े थे। तीनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी, हेलमेट, जैकेट, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
मृतकों की पहचान बापरोला निवासी 76 वर्षीय रणधीर, नगली डेयरी निवासी 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर शिव नरेश और जहांगीरपुरी निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए साजिश की आशंका जताई थी।
‘पूजा’ के बहाने बुलाया, दो लाख रुपये मंगवाए
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि तीनों मृतक कमरुद्दीन नामक तांत्रिक के संपर्क में थे। आरोपी ने उन्हें तांत्रिक क्रिया से ‘सरप्राइज मनी’ या ‘धनवर्षा’ कराने का झांसा दिया था। पुलिस के अनुसार, घटना से एक दिन पहले तीनों लोनी (गाजियाबाद) गए थे और घटना वाले दिन भी आरोपी के संपर्क में रहे। तकनीकी साक्ष्यों से यह भी सामने आया कि कार में एक और व्यक्ति मौजूद था, जो बाद में कमरुद्दीन निकला। वह लोनी से कार में सवार हुआ और वारदात के बाद मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि करीब दो महीने पहले सलीम नामक व्यक्ति के जरिए लक्ष्मी उसकी संपर्क में आई थी। बाद में उसने शिव नरेश और रणधीर को भी उससे मिलवाया। आरोपी ने ‘धनवर्षा’ के लिए पूजा कराने की बात कहकर दो लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा।
जहरीले लड्डू खिलाकर लूटी नकदी
आरोपित ने पहले से ही जहर मिलाकर लड्डू तैयार किए थे। वह तीनों के साथ कार में बैठ गया और रास्ते में शराब व कोल्ड ड्रिंक के साथ जहरीले लड्डू खिलाए। तीनों के अचेत होने के बाद आरोपित नकदी लेकर फरार हो गया। बाद में कार सड़क किनारे खड़ी मिली। तकनीकी जांच व साक्ष्यों से आरोपित की मौजूदगी की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुरू में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कमरुद्दीन के खिलाफ पहले भी हत्या और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले में और वर्ष 2025 में फिरोजाबाद (उप्र) में भी उसके खिलाओ एमफ मामले दर्ज हुए थे।
फिलहाल पश्चिम विहार ईस्ट थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपित के अन्य संभावित अपराधों की भी जांच कर रही है।