मंत्री राकेश सचान और नरेंद्र कश्यप ने किया सिल्क एक्सपो का उद्घाटन

मंत्री राकेश सचान और नरेंद्र कश्यप ने किया सिल्क एक्सपो का उद्घाटन

मंत्री राकेश सचान और नरेंद्र कश्यप ने किया सिल्क एक्सपो का उद्घाटन

लखनऊ, 03 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को प्रदेश के खादी ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान और पिछड़ा वर्ग विभाग के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सिल्क एक्सपो 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पं. दीन दयाल उपाध्याय रेशम रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंत्री राकेश सचान और नरेन्द्र कश्यप ने संयुक्त रुप से 16 विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया। वहीं रेशम मित्र 2025 पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

इस अवसर पर मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश में रेशम उत्पादन 27 मीट्रिक टन से बढ़कर 450-500 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है, जो आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में रेशम उद्योग को एक सशक्त आधार बना रहा है। उन्होंने कहा कि रेशम उद्योग किसानों, बुनकरों और उद्यमियों को स्थायी रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है और मल्टी रीलिंग इकाइयों की स्थापना से रेशम प्रसंस्करण अवसंरचना मजबूत हुई है।

मंत्री ने बताया कि 1630 लाभार्थियों को 32.49 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता से उत्पादन में वृद्धि हुई है और मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना से 10 वर्षों में 13,500 किसान लाभान्वित होंगे। उन्हाेंने कहा कि 9,000 एकड़ में शहतूत वृक्षारोपण और 360 मीट्रिक टन अतिरिक्त उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जबकि रेशम मित्र पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन, मॉनिटरिंग और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है।

मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रेशम उद्योग में ऐतिहासिक प्रगति हुई है और सिल्क एक्सपो 2026 में विभिन्न राज्यों के शुद्ध रेशमी उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लगी सिल्क प्रदर्शनी 6 फरवरी 2026 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी, जिसमें विभिन्न राज्यों के बुनकरों और व्यापारियों द्वारा रेशमी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।