कुत्ते के काटने से उपचार के दौरान मासूम की मौत
कुत्ते के काटने से उपचार के दौरान मासूम की मौत
औरैया, 13 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना तहसील क्षेत्र के कुसमरा गांव निवासी धीरेंद्र प्रताप सिंह के छह वर्षीय पुत्र इसमोल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि करीब 20 दिन पूर्व इसमोल घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर उसकी गर्दन पर काट लिया।
परिजन तत्काल उसे बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां एंटीरेबीज इंजेक्शन की पहली खुराक दी गई। बाद में दूसरी और तीसरी खुराक भी लगाई गई, लेकिन बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल औरैया और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया।
पिता ने बताया कि इलाज के दौरान शाम इसमोल ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि इसमोल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मां भावना और पिता धीरेंद्र प्रताप सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। सुबह परिजनों ने नम आंखों से गांव में ही इसमोल का अंतिम संस्कार कर दिया।