नोएडा में विभिन्न सड़क हादसों में पांच की मौत
नोएडा में विभिन्न सड़क हादसों में पांच की मौत
नोएडा, 16 मई । उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में नोएडा के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना फेस- 1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि नोएडा स्टेडियम के पास शुक्रवार की देर रात को पैदल जा रहे राकेश सैनी (32) पुत्र सुरेश सैनी निवासी ग्राम दल्लूपुरा को एक बस के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि चोटिल गंभीर हालत में एंबुलेंस द्वारा नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विशाल कुमार पुत्र महेंद्र पाल निवासी मूल निवासी जनपद बरेली बीती रात को मोटरसाइकिल पर अपने एक दोस्त के साथ जा रहे थे तभी थाना फेस-दो क्षेत्र में वह सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। विकास तथा उनके दोस्त को उपचार के लिए फेलिक्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनके दोस्त की हालत नाजुक बनी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य सड़क हादसे में मुकेश कुमार (45) पुत्र बच्ची सिंह निवासी ग्राम नगला चरण दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि मूल रूप से जनपद सहरसा बिहार के रहने वाले वृषभ पुत्र हेमंत कुमार ग्रेटर नोएडा के फिनिक्स रेजिडेंसी हॉस्टल में रहते थे। उनकी उम्र 22 वर्ष थी। बीती रात को हुए एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र था। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में मोहित (36) पुत्र नेत्रपाल निवासी जनपद अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।